जीवन को प्रसाद मानो, विषाद नहीं:विज्ञमती माताजी सिद्धचक्र महामंडल विधान में सिद्ध भगवान की हुई आराधना आज होगी चातुर्मास मंगल कलश की स्थापना

JAIN SANT NEWS ग्वालियर

जीवन को प्रसाद मानो, विषाद नहीं:विज्ञमती माताजी

सिद्धचक्र महामंडल विधान में सिद्ध भगवान की हुई आराधना

आज होगी चातुर्मास मंगल कलश की स्थापना

ग्वालियर

ग्वालियर की इस धरा पर सिद्धचक्र महामंडल विधान नीँव का पत्थर साबित होगा। यहां धार्मिकता कम नहीं है, लेकिन स्वरूप की पहचान कराने के लिए जागरूकता जरूरी है। यहां मोक्षमार्गी रूपी गुरु मां के आगमन से हमें शिक्षा मिली है कि जीवन को प्रसाद मानो, विषाद नहीं। ये मनुष्य पर्याय आपकी भक्ति के पुण्य का प्रसाद है। यह उदगार पट्ट गणिनी आर्यिकाश्री विज्ञमती माताजी ने सोमवार को चम्पाबाग बगीची में चल रहे सिद्धचक्र महामंडल विधान के दौरान धर्मसभा में व्यक्त किए।

माताजी ने कहा कि जीवन वह बांसुरी है, जिसमें छेद तो होते हैं, लेकिन उन छेदों से युक्त बांसुरी सर मधुर स्वर भी निकलते हैं। ये सत्य है कि हमारा जीवन न सरल है, न तरल। ये जिंदगी तो जलेबी की तरह है, जिसमें मधुरता, वात्सल्य और स्नेह की चाशनी मिठास भर देती है।

ग्वालियर की धरा पर राजनीति और धर्मनीति का जन्म हुआ

माताजी ने बताया कि ग्वालियर की पुण्य वसुंधरा पर राजनीति (अटल जी) और धर्मनीति (मां विशुद्धमती) का जन्म हुआ। दोनों ने दुनिया में अपना परचम लहराया। एक ने कमल को ऊंचा किया तो दूसरे ने शेर की दहाड़ को ऊंचाई दी।

मेहंदी के पत्तों की तरह बनो

माताजी ने कहा कि हमें पीपल के पत्तों की तरह नहीं बनना चाहिए, जो झड़ जाते हैं, बल्कि मेहंदी के उन पत्तों की तरह बनो, जो पिसने के बाद भी हाथों में रंग भर देते हैं।

समूचे समाज को आमंत्रण दिया

गणिनी आर्यिकाश्री विज्ञमती माताजी ने इस दौरान पूरे जैन समाज को 18 जुलाई से शुरू हो रहे गणधर वलय स्त्रोत सेमिनार में शामिल होने का आमंत्रण देते हुए कहा कि जीवन में 4 चीजों को मत तोड़ना, ये हैं विश्वास, रिश्ता, दिल और वचन। जब ये टूटते हैं तो आवाज नहीं आती, दिल में दर्द होता है। इसलिए हम उम्मीद करते हैं कि आप अधिकाधिक संख्या में इस सेमिनार में भाग लेंगे।

चित्र अनावरण और दीप प्रज्वलन किया

इस अवसर पर भगवान पार्श्वनाथ और आचार्यश्री निर्मल सागर महाराज के चित्रों का अनावरण दिगंबर गोलालारे जैन समाज के जयकुमार जैन,अनिल जैन, सरिता जैन, डॉ. ललिता जैन, सुरेंद्र जैन वैक्सीन, ममता जैन, राष्ट्रीय विराग भक्तामर महिला मंडल, विराग युवा मंच आदि ने किया, जबकि चम्पाबाग महिला मंडल व जैन मिलन महिला ग्रेटर की सदस्यों ने दीप प्रज्वलित किए। गोलालारे जैन समाज, चम्पाबाग महिला मंडल, जैन मिलन महिला ग्रेटर, गौरक्षा समिति के राजेंद्र जैन एवं उनकी टीम, खरौआ समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष व चातुर्मास समिति के स्वागताध्यक्ष देवेंद्र जैन दिल्ली, जैन मिलन की सभी शाखाओं के पदाधिकारियों व सदस्यों, जैन सोशल ग्रुप, चेतकपुरी महिला मंडल, फालका बाजार महिला मंडल आदि ने माताजी को श्रीफल अर्पित कर आशीर्वाद लिया।

इनका सम्मान हुआ

चातुर्मास समिति ने इस अवसर पर गोलालारे समाज के अशोक कुमार जैन, जैन सोशल ग्रुप की अध्यक्ष डॉ याशी जैन, सचिव रोहित जैन, कोषाध्यक्ष संजय कागदी, जैन समाज के प्रवक्ता ललित जैन, प. चन्द्रप्रकाश चंदर का चातुर्मास कमेटी ने सम्मान किया।

आज होगी मंगल कलश की स्थापना

जैन समाज के प्रवक्ता ललित जैन ने बताया कि मंगलवार को दोपहर 1.45 बजे से तेरापंथी धर्मशाला नई सड़क पर आर्यिका संघ के 53वें मां विशुद्ध वर्षायोग (चातुर्मास) के लिए मंगल कलश की स्थापना की जाएगी। इसके लिए चम्पाबाग धर्मशाला से तेरापंथी धर्मशाला तक जुलूस निकाला जाएगा।

संकलन अभिषेक जैन लुहाडिया रामगंजमडी

Comments (0)

Your email address will not be published. Required fields are marked *