इतिहास में पहली बार १७० मंडलीय समोशरण महामंडल विधान विश्व शांति महायज्ञ एवं आध्यात्मिक संस्कार शिविर बंधाजी में ध्वजारोहण के साथ आज शुरू हो रहा है। मुनि संध विगत दो माह से बंधाजी में अपनी साधना में लीन हैं। अनेक धार्मिक आयोजन मुनिसंध के सान्निध्य में आयोजित किये जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार पिछले दिनों मुनि संध के सान्निध्य में सिद्धचक्र महामंडल विधान का आयोजन हो चुका है। अध्यक्ष मुरली जैन एवं मंत्री अरविंद जैन ने बताया कि आचार्य भगवन विद्यासागर महामुनिराज के मंगल आशीर्वाद से एवं मुनि श्री विमलसागर महाराज के संघ सानिध्य में विजय भैया जी लखनादौन के निर्देशन में 170 मंडलीय समोशरण महामंडल विधान एवं आध्यात्मिक श्रावण संस्कार शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह मंडलीय विधान ८ से १९ सितंबर तक चलेगा। आज ध्वजारोहण के साथ विधान का शुभारंभ होगा।
बंधाजी में होने वाले विधान एवं शिविर की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। प्रदीप जैन बम्हौरी ने बताया कि इस माह आयोजन में देश भर से सैकड़ों श्रद्धालु बंधाजी आ रहे हैं। सभी श्रद्धलु १० दिन तक बंधाजी में रुक कर श्रावण संस्कार शिविर एवं विधान में शामिल होंगे। बंधा जी की कमेटी द्वारा उनके आवास एवं भोजन एकासन की व्यवस्था की है।
