
दिल्ली ।।श्री शान्तिनाथ दिगम्बर जैन मन्दिर, रानी बाग में लगभग 25 वर्ष बाद पर्वाधिराज दशलक्षण महापर्व के समापन पर ऐतिहासिक विशाल पालकी यात्रा निकाली गई। पं. विवेक जैन शास्त्री जी के निर्देशन में मांगलिक क्रियाओं के साथ पालकी यात्रा का विधिवत शुभारंभ जैन मन्दिर से हुआ। नगर के मुख्य मार्गों पर श्री जिनेन्द्र प्रभु का मंगल विहार हुआ तो समस्त समाज ने हर्षोल्लास पूर्वक स्वागत अभिनन्दन किया। मार्ग में जगह-जगह भक्तों ने मंगल आरती कर श्री जिनेन्द्र प्रभु का आशीर्वाद प्राप्त किया। पालकी यात्रा में सारथी बनने का सौभाग्य अरिहंत जैन (ऋषि नगर) ने प्राप्त किया तथा रमेश चंद जैन (राजा पार्क) ने धनपति कुबेर बनकर संपूर्ण मार्ग में रत्नवृष्टि की। नगर भ्रमण कर पालकी पुनः रानी बाग जिनालय पहुंचकर संपन्न हुई, जहां राजकुमार जैन सपरिवार (श्रीनगर) ने प्रथम अभिषेक व शान्तिधारा की। राजेश जैन बैद (रानी बाग), राजकुमार जैन (श्रीनगर), राहुल जैन (महेंद्रा पार्क) व नरेश जैन बड़जात्या (रानी बाग) ने चतुष्कोण कलश द्वारा अभिषेक कर पुण्यार्जन किया।
