झुमरीतिलैया। निवर्तमान पार्षद पिंकी जैन की पहल पर श्री दिगंबर जैन समाज, झुमरीतिलैया के अंतर्गत संचालित मूलचंद छाबड़ा फाउंडेशन के द्वारा रेलवे पुलिस थाना में जरूरतमंदों की सेवा के लिए दो स्ट्रेचर प्रदान किए गए। इस अवसर पर पिंकी जैन ने कहा कि आरपीएफ निरीक्षक प्रभारी जवाहर लाल जी और उनकी पूरी टीम के द्वारा कोडरमा रेलवे स्टेशन में यात्रियों के जान- माल की पूरी सुरक्षा की जाती है। सभी लोग रेलवे की संपत्ति के साथ-साथ आने वाले सभी यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था का बहुत ध्यान रखते हैं। कोडरमा स्टेशन पर यदि कोई घटना घटती भी है तो उसका तुरंत समाधान किया जाता है। आप सभी राष्ट्र निर्माण के सहयोगी हैं, जैन समाज आपको नमन करता है।समाज के मंत्री ललित सेठी एवं पूर्व अध्यक्ष सुशील छाबड़ा ने कहा कि जैन समाज के द्वारा समय-समय पर जनहित में सेवा के कई कार्य किए जाते हैं। आने वाले दिनों में भी आवश्यकता पड़ने पर जैन समाज सहयोग के लिए तैयार है। इसमौके पर आरपीएफ झुमरीतिलैया के उपनिरीक्षक कुमार नयन सिंह, अंकुर कुमार आदि एवं जैन समाज के सह मंत्री राज छाबड़ा, कोषाध्यक्ष सुरेंद्र काला, सुनील छाबड़ा राजेश सेठी, सुनील जैन अजमेरा, नवीन जैन आदि उपस्थित थे।
