जिन्दगी का लक्ष्य बनाने पर ही मिलेगी मंजिल – मुनि सुधासागर

JAIN SANT NEWS ललितपुर

मुनि श्री ने कहा, जीवन संवारों, पूज्य बनो या पूजा करो
निमित्त के अधीन न हों, जिन्दगी के फैसले खुद करें

न्यूज सौजन्य -राजीव सिंघई

ललितपुर। श्री अभिनंदनोदय तीर्थ क्षेत्र ललितपुर में पर्वराज पर्यूषण पर मुनि सुधासागर महाराज ने धर्मसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित करो। विचार करो कि क्या योग्यता है और क्या हैसियत। जन्म- जन्म का पुण्य लेकर आए हो, कोई भी ऐसा कार्य नहीं जिसको तुम नहीं कर सकते। हिम्मत, हौसला रखो लक्ष्य की प्राप्ति निश्चय ही होगी।
मुनि श्री ने शिविरार्थियों को प्रेरणा देते हुए कहा कि दस दिन के शिविर से निकलकर पूज्य बनो या पूजा करो। अपनी दिनचर्या ऐसी करना कि जीवन की श्रेष्ठता को प्राप्त कर सको। संसार की विचित्र स्थिति का उल्लेख करते हुए मुनि श्री ने कहा कि भोग के पीछे तुम दौड़ोगे तो भोग भागता जाएगा। तुम भोगों को छोड़ोगे तो भोग तुम्हारे पीछे घूमेंगे।
उन्होंने कहा, तुम निमित्त के अधीन मत होना। जिन्दगी का फैसला खुद करो। कैसा दिन चाहते हो। सारी दुनिया के पीछे तुम जाओगे या सारी दुनिया तुम्हारे पीछे चलने लग जाए ऐसा कुछ करना।
मुनि श्री ने कहा जिन्दगी का अन्तिम लक्ष्य बनाओ। जिन्दगी कैसी बनाना है। मंजिल की ओर जाना शुरू कर दो तो एक दिन लक्ष्य को प्राप्त कर लोगे। उन्होंने प्रथम श्रावक संस्कार शिविर के शिविरार्थी रमेश कुमार का जिक्र करते हुए कहा कि बताने की जरूरत नहीं, अब वह श्रावक से पूज्य बनकर पूज्य सागर के रूप में सभी के बीच हैं। शिविरार्थियों का समुदाय
जय-जयकारों से गूंज गया।
इसके पूर्व धर्मसभा के प्रारम्भ में तत्वार्थसूत्र का वाचन किया गया। तदुपरान्त आचार्य श्री विद्यासागर महाराज के चित्र के सम्मुख श्रावक, श्रेष्ठीजनों ने दीपप्रज्जवलन मुनि श्री का पादप्रक्षालन कर किया। प्रातःकाल भगवान अभिनंदन नाथ के अभिषेक के उपरान्त मुनि श्री के मुखारविन्द से शान्तिधारा पुर्ण्याजक परिवारों द्वारा की गई। उत्तम ब्रह्मचर्य धर्म पर शिविरार्थियों ने पाण्डुकशिला पर श्री जी का अभिषेक मुनि श्री के सान्निध्य में किया। जैन पंचायत अध्यक्ष अनिल जैन अंचल ने धर्मसभा में आचार्य विद्यासागर महाराज के आशीर्वाद से ललितपुर के निर्यापक मुनि सुधासागर महाराज का ससंघ चातुर्मास उपलब्धियों से भरा बताते हुए कहा कि इसमें आलेाकिक दिव्य अभिनंदननाथ का भव्य मंदिर, जहां पूर्णता की ओर है, वहीं नगर के आदिनाथ जैन बड़ा मंदिर, पार्श्वनाथ जैन नया मंदिर समेत अन्य मंदिरों का चहुंमुखी विकास हो रहा है। अनेक सामाजिक कल्याणकारी योजनाओं को आशीर्वाद मिला है। जैन पंचायत ने मुनि श्री को श्रीफल अर्पित कर नवोदित श्री 1008 अभिनंदनोदय अतिशय तीर्थ क्षेत्र के पंचकल्याणक शीघ्र कराए जाने के लिए श्रीफल अर्पित किया और सर्वसम्मति से संकल्पित हुए कि पंचकल्याणक के उपरान्त ही प्रस्तावित जैन पंचायत के सामाजिक चुनाव सम्पन्न होंगे। धर्मसभा का संचालन महामंत्री डा. अक्षय टडैया ने किया। सायंकाल जिज्ञासा समाधान में श्रावकों की जिज्ञासाओं का मुनि सुधासागर महाराज ने लाइव प्रसारण के माध्यम से समाधान किया। सायंकाल आचार्य विद्यासागर महाराज के चित्र के सम्मुख मुनि सुधासागर महाराज एवं मुनि पूज्य सागर महाराज की भव्य मंगल आरती हुई। मध्यान्ह में नगर के पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन अटामंदिर, नया मंदिर, आदिनाथ जैन बड़ा मंदिर, बाहुबलिनगर मंदिर में परम्परागत अभिषेक की मांगलिक क्रियाएं हुईं जिसमें श्रावकों ने अभिषेक शान्तिधारा का पुर्ण्याजन किया। व्यवस्थाओं में मंदिर प्रबंधक राजेन्द्र जैन थनवारा, मोदी पंकज जैन, अजित जैन गदयाना, अकलंक जैन, कपूरचंद लागौन, भगवानदास कैलगुवा, जिनेन्द्र जैन रजपुरा, महेन्द्र चौधरी, जितेन्द्र जैन राजू, सुवेन्दु जैन, प्रभात लागौन, प्रमोद जैन पाय, अभय जैन, सुबोध जैन, कैलाश जैन सराफ, राजकुमार खिरिया, वीरेन्द्र जैन बछरावनी के अतिरिक्त विजय जैन काफी, जिनेन्द्र जैन, सुधीर सिवनी, आनंद जैन धनगौल, विजय जैन का योगदान रहा।

भगवान वासंपूज्य का निर्वाण कल्याणक मनाया
इसके पूर्व प्रातःकाल श्रावकों ने अभिनंदनोदय तीर्थ क्षेत्र, जैन अटामंदिर, जैन नया मंदिर, जैन बड़ा मंदिर, आदिनाथ मंदिर सिविल लाइन, इलाइट जैन मंदिर, बाहुबलिनगर जैन मंदिर, चन्द्रप्रभु मंदिर, आदिनाथ मंदिर नईबस्ती, शान्तिनाथ मंदिर में
पहुंचकर पूजन अभिषेक शान्तिधारा की और जैन धर्म के तीर्थंकर वांसपूज्य भगवान का निर्वाण कल्याणक निर्वाण लाडू चढ़ाकर मनाया और पर्यूषण पर्व में उत्तम ब्रह्मचर्य धर्म की पूजन की।

क्षमावाणी पर्व आज, शिविरार्थी करेंगे नगर के जिनालयों के दर्शन

मुनि सुधासागर महाराज के सान्निध्य में सम्पन्न श्रावक संस्कार शिविर के शिविरार्थी आज 10 सितम्बर को प्रातः 7 बजे नगर के जिनालयों के दर्शन करेंगे। उक्त संबंध में धार्मिक आयोजन समिति के संयोजक मनोज जैन बबीना ने बताया कि शिविरार्थी भव्य शोभायात्रा के साथ मुनि संघ के सान्निध्य में अभिनंदनोदय तीर्थ क्षेत्र क्षेत्रपाल मंदिर से निकलेंगे जहां से आदिनाथ जैन बड़ा मंदिर, पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन नया मंदिर, कटरा बाजार से सावरकर चौक होते हुए पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन अटामंदिर तुवन चौराहा से पुनः शिविर स्थल पर पहुंचेंगे।
जैन पंचायत के मीडिया प्रभारी अक्षय अलया ने बताया कि सायंकाल अभिनंदनोदय तीर्थ में मुनि श्री के सान्निध्य में 4 बजे क्षमावाणी पर्व का आयोजन किया गया है जिसमें मुनि श्री के प्रवचन होंगे।

गौशाला को दिया 100 कुन्टल भूसा दान

पर्यूषण पर्व के समापन पर आज मुनि श्री सुधासागर महाराज के आशीर्वाद से निर्माणाधीन अभिनंदनोदय तीर्थ के जिनालय,
औषधालय के लिए दातारों ने दान की घोषणाएं की। नगर के श्रेष्ठी महेन्द्रकुमार राजेन्द्र कुमार राजू जड़ीबूटी परिवार ने दयोदय
गौशाला के लिए 100 कुन्टल भूसा दान किया।

Comments (0)

Your email address will not be published. Required fields are marked *