-मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी मड़ावरा को सौंपा
-पूर्व में तहसील क्षेत्र के मदनपुर और सौंरई में भी जैन मंदिरों में हो चुकी है चोरी
मड़ावरा(ललितपुर)। तहसील मड़ावरा व थानाक्षेत्र नाराहट के ग्राम पारोल स्थित दिगम्बर जैन मंदिर से विगत दिनों अज्ञात चोरों द्वारा मंदिर के ताले तोड़कर चुराई गयीं 16 प्रतिष्ठित जैन प्रतिमाओं व चांदी के चार छत्रों के सम्बंध में अभी तक कोई नहीं सफलता नहीं मिलने से जैन समुदाय में दिनो-दिन रोष व्याप्त होता जा रहा है। इस घटना के सम्बंध में बुन्देलखण्ड सहित अन्य राज्यों में निवासरत जैन समाज ने शासन प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र ही मूर्तियों की बरामदगी व चोरों की गिरफ्तारी की मांग की जा रही है। इसी क्रम में बीते गुरुवार को कस्वा मड़ावरा की सकल जैन समाज ने मुख्यमंत्री उ.प्र. को संबोधित एक ज्ञापन उपजिलाधिकारी मड़ावरा को प्रेषित किया।
बता दें कि तहसील मड़ावरा का पारोल ग्राम एक समय में बेहद समृद्ध ग्राम रहा है, जहां पूर्व में अच्छी संख्या में जैन समाज निवास करता था, जो कि अब केवल दो या तीन परिवारों में सीमित रह गया है। ज्यादातर अन्य बड़े ग्रामों व शहरों में पहुंच गए हैं। ग्राम में दर्शन, पूजन, धार्मिक आयोजनों के लिए सैकड़ों वर्ष पूर्व एक बहुत ही विशाल जैन मंदिर बनवाया गया था, जिसमें तीन वेदियों पर जैन तीर्थंकरों की पाषाण, पीतल व अष्ट धातु से निर्मित प्रतिष्ठित मूर्तियां विराजमान थीं। जिनमें से करीब दो सौ वर्ष प्राचीन अष्ट धातु से निर्मित जैन तीर्थंकरों की प्रतिष्ठित 16 मूर्तियां व लगभग 500 ग्राम वजनी चांदी के चार छत्र 4 सितंबर की मध्य रात्रि में अज्ञात चोरों ने मंदिर के ताले तोड़कर चुरा लिए थे। इस घटना से आहत जैन समुदाय ने फौरन ही थाना नाराहट में तहरीर सौंपकर शीघ्र ही चोरों की गिरफ्तारी व मूर्तियों की सकुशल बरामदगी की मांग की थी। पांच दिन बीतने के बाद भी पुलिस अभी तक चोरों तक नहीं पहुंच सकी है, जिससे दिन ब दिन जैन समाज में आक्रोश व्याप्त होता जा रहा है। जगह-जगह जैन समाज द्वारा ज्ञापन देकर चोरी के खुलासे की मांग की जा रही है।
पूर्व की चोरियों का नहीं हो सका अभी तक खुलासा
उल्लेखनीय है कि दो वर्ष पूर्व पुरात्व विभाग द्वारा संरक्षित थाना मदनपुर के ग्राम मदनपुर के जैन मंदिर में चोरों द्वारा सेंध लगाकर चोरी की गयी थी, जिसमें चोरों द्वारा मंदिर में रखा दान पात्र चोरी कर लिया गया था। जिस पर पुलिस द्वारा कोई ठोस कदम न उठाने के चलते अज्ञात चोरों द्वारा पुनः दुस्साहस करते हुए मदनपुर में ही मुख्यमार्ग पर स्थित त्रिमूर्ति जिनालय में दरवाजों के ताले तोड़कर चोरी की गई, जिसमें लाखों की नगदी से भरी गुल्लक को चोर ले उड़े थे। इसके साथ ही थाना मड़ावरा अंतर्गत ग्राम सौंरई के जैन मंदिर को भी चोरों ने निशाना बनाकर मंदिर में विराजमान जैन मूर्तियों को चुरा लिया था, जिनका आज तक कोई खुलासा नहीं हुआ। चोरों द्वारा बार-बार दुस्साहस दिखाते हुए जैन मंदिरों को निशाना बनाये जाने से जनमानस में पुलिस की कार्यप्रणाली के खिलाफ असंतोष व्याप्त होता जा रहा है।
मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
कस्वा मड़ावरा में निवासरत जैन समाज ने गुरुवार को उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री महंत योगी आदित्यनाथ को संबोधित एक ज्ञापन उपजिलाधिकारी मड़ावरा संजय कुमार पांडे को सौंपा। इसमें पारोल ग्राम से चोरी गयी जैन प्रतिमाओं की सकुशल बरामदगी के साथ ही इस दुस्साहसिक घटना को अंजाम देने वाले चोरों को गिरफ्तार कर कड़ी सजा देने की मांग की गयी। ज्ञापन देने वालों में सकल दिगम्बर जैन समाज मड़ावरा के संजय खन्ना, राजेन्द्र दददी, राजू सौंरया, डीके सर्राफ, राजू सिलोनियां, प्रदीप खुटगुवां, कल्लू बड़ागांव, रज्जु खुटगुवा, दिवाकर बजाज, डिम्पल सिंघई, निर्मल दुकानवाले, सूरज चौधरी, प्रकाश सिलोनियां, प्रियंक सर्राफ, मुकेश जैन, राहुल जैन, भरतेश सौंरया, रानू जैन पारोल, प्रमोद भाटिया, सनी सौंरया, पिंटू जैन आदि शामिल रहे। सैकड़ों जैन समुदाय के लोगों ने ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं।
