आयोजन :  भव्य पंचकल्याणक महोत्सव 17 फरवरी से

JAIN SANT NEWS ललितपुर

सारांश

आदिनाथ धाम त्रिकाल चौबीसी का श्री 1008 मज्जिनेंद्र पंचकल्याणक गजरथ महोत्सव एवं विश्व शांति महायज्ञ महोत्सव 17 फरवरी से 23 फरवरी तक होने जा रहा है। पंचकल्याणक के लिए मुनिश्री सुधासागर जी महाराज ने ललितपुर से टीकमगढ़ के लिए मंगल विहार कर दिया है। पढ़िये राजीव सिंघई की विशेष रिपोर्ट…

ललितपुर। उत्तर प्रदेश में शाही पंचकल्याणक महोत्सव के पश्चात टीकमगढ़, मध्य प्रदेश में भव्य पंचकल्याणक महोत्सव का आयोजन आचार्य भगवन विद्यासागर जी महाराज के परमप्रभावक शिष्य मुनिश्री सुधासागर जी महाराज के सानिध्य में होगा। यह आदिनाथ धाम त्रिकाल चौबीसी का श्री 1008 मज्जिनेंद्र पंचकल्याणक गजरथ महोत्सव एवं विश्व शांति महायज्ञ महोत्सव 17 फरवरी से 23 फरवरी तक होने जा रहा है। पंचकल्याणक महोत्सव की तैयारी पूर्ण हो गई हैं और मुनिश्री सुधासागर जी महाराज ने ललितपुर से टीकमगढ़ के लिए मंगल विहार कर दिया है। शनिवार को गुगरवारा में मुनि संघ की आहारचर्या हुई और शाम को मुनिश्री बानपुर पहुंचे।

महोत्सव के समस्त अनुष्ठान प्रतिष्ठाचार्य प्रदीप भैया सुयश अशोकनगर द्वारा संपन्न कराए जाएंगे। पिछले एक महीने से लगातार महोत्सव की तैयारियां चल रही हैं। नंदीश्वर कॉलोनी में गोल क्वार्टर के पीछे विशाल डोम तैयार हो चुका है। पूरी नंदीश्वर कॉलोनी को दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है। शहर के मुख्य मार्गों पर साज सज्जा की जा रही है। शुक्रवार को दोपहर 2:30 मुनि श्री 108 सुधा सागर जी महाराज का बिहार ललितपुर उत्तर प्रदेश से टीकमगढ़ के लिए हुआ। ललितपुर से टीकमगढ़ विहार कराने के लिए टीकमगढ़ जैन समाज से 500 लोग ललितपुर पहुंचे। टीकमगढ़ शहर में मुनि संघ की आगवानी रविवार को होगी।

हो रहीं विशेष तैयारियां

मुनि श्री की आगवानी को लेकर एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए 25 महिला मंडल अपनी तैयारी में लगे हुए हैं। आगवानी के लिए लगातार रिहर्सल की जा रही है। आगवानी की मुख्य रूप से जिम्मेदारी वीर व्यायामशाला टीकमगढ़ शाखा को सौंपी गई है। वीर व्यायामशाला के 100 सदस्य मुनि श्री की आगवानी के लिए तैयारी में लगे हुए हैं। नंदीश्वर युवा मंडल के 45 युवा साथी दिन रात शहर के घर घर जाकर आमंत्रण पत्र, ध्वज, टोपी, बंधनवार दे रहे हैं। पंचकल्याणक महामहोत्सव में करीब एक हजार इंद्र-इंद्राणी के जोड़े खड़े होकर पत्थर से भगवान बनने के साक्षी बनकर धर्म ध्यान एवं पूजन करेंगे। पंचकल्याणक स्थल ढोंगा मैदान में 90 गुणा 500 वर्ग फुट कुल 45 हजार वर्ग फीट का विशाल डोम बनकर तैयार है। भव्य प्रवेश द्वार भी बनकर तैयार हो चुका है। ढोंगा मैदान में अस्थाई 40 कमरे बनाए जा रहे हैं।

Comments (0)

Your email address will not be published. Required fields are marked *