
सिहोनियां(मुरैना)। जैन अतिशय क्षेत्र सिहोनियां जी में शांतिनाथ महा मस्तिकाभिषेक महोत्सव एवं वार्षिक मेले का आयोजन सोमवार को होने जा रहा है।अतिशय क्षेत्र कमेटी के परम संरक्षक एवं अम्बाह नगर पालिका अध्यक्ष जिनेश जैन के मुताबिक, आज से बहुत समय पूर्व ब्रह्मचारी गुमानीलाल जी को सपना आया कि ग्राम सिहोनियां में अमुक टीले पर जिनेन्द्र प्रभु की विशाल प्रतिमाएं दबी हुई हैं। प्रातः जब ग्रामवासियों ने टीले की खुदाई की तो भूगर्भ से विशाल एवं भव्य श्री 1008 भगवान शांतिनाथ, कुंथनाथ एवं अरहनाथ की जिन प्रतिमाएं प्राप्त हुईं। क्षेत्र कमेटी के संरक्षक आशीष जैन सोनू ने बताया कि प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्री दिगम्बर जैन अतिशय क्षेत्र सिहोनियां जी में वार्षिक मेले का आयोजन सोमवार, 12 सितम्बर को होने जा रहा है। इस पुनीत एवं पावन अवसर पर जैन धर्म के 16वें तीर्थंकर श्री 1008 भगवान शांतिनाथ जी महा मस्तिकाभिषेक भी होगा।
महा मस्तिकाभिषेक के अवसर पर जैन धर्म के विद्वान प्रतिष्ठाचार्य पं.श्री अजीत जी शास्त्री, ग्वालियर, पूर्व प्राचार्य पं. श्री महेंद्रकुमार शास्त्री, डॉ. श्री हरिश्चंद जी शास्त्री गुरुजी, पं. पवन शास्त्री दीवान, पं. राजेन्द्र शास्त्री-मगरौनी, पं. शशिकांत शास्त्री आशु, पं. महेंद्र शास्त्री-पं. संजय शास्त्री सिहोनियां विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। वार्षिक मेले में सिहोनियां जी में भारतवर्ष से हजारों की संख्या में जैन धर्माबलम्बी सम्मिलित होते हैं। महोत्सव के आयोजन के लिए जैन युवा क्लब एवं सोनू मित्र मंडल द्वारा विशाल एवं भव्य तैयारियां की गई हैं। समारोह में पधारने बाले सभी सधर्मी बन्धुओं के लिए आवास एवं भोजन की समुचित व्यवस्था की गई है।
