ललितपुर में पारौल के जैन मंदिर से 16 मूर्तियां चोरी चांदी के चार छत्र भी ले गए, समाज में आक्रोश

JAIN SANT NEWS ललितपुर

ललितपुर। उप्र के ललितपुर जिले के ग्राम पारौल प्राचीन जैन मंदिर से चोर पार्श्वनाथ भगवान सहित 16 मूर्तियां और चांदी के चार छत्र चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अफसरों ने मंदिर प्रांगण का जायजा लिया ओर चोरों की तलाश शुरू कर दी। चोरी की वारदात से जैन समाज में आक्रोश, अफसरों में हड़कंप मचा है।
नाराहट थाने की ग्राम पंचायत पारौल स्थित जैन मंदिर में पयूर्षण पर्व पर धार्मिक कार्यक्रम चल रहे हैं। प्रतिदिन की तरह शनिवार देर शाम पूजन अर्चन के बाद मंदिर में ताला लगाकर रमेश कुमार जैन अपने घर चले गए। सुबह मंदिर पहुंचे माली को दरवाजे के ताले टूटे और मूर्तियां नदारत मिली तो वह रमेश कुमार जैन के घर पहुंचा और इसकी जानकारी दी। उसी हालत में मंदिर गए रमेश ने देखा कि गर्भगृह से भगवान पार्श्वनाथ सहित तीन बड़ी और तेरह छोटी मूर्तियां सिंहासन से गायब हैं। भगवान के ऊपर लगे चांदी के चार छत्र भी नदारद थे। मंदिर से मूर्तियां चोरी जाने की सूचना मिलते ही काफी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। उन्होंने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर आक्रोश व्यक्त किया। घटना की जानकारी मिलते ही नाराहट थाने की पुलिस मंदिर गई। वारदात का जायजा लेने के बाद आला पुलिस अफसर भी घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस प्रशासन की विभिन्न इकाइयां मौके पर जांच में जुट गईं हैं।

Comments (0)

Your email address will not be published. Required fields are marked *