जब मन आकर्षण की ओर जाता है, तभी लोभ जागता है-मुनि श्री विशल्य सागर

JAIN SANT NEWS झुमरी तिलैया

झुमरी तिलैया (कोडरमा)। जैन धर्म का सर्वोच्च पर्व दशलक्षण पर्युषण का चौथा दिन जैन धर्मावलंबियों ने उत्तम शौच धर्म के रूप में मनाया। झुमरी तिलैया में चातुर्मास कर रहे महासंत जैन मुनि श्री 108 विशल्य सागर गुरुदेव ने अपनी अमृत वाणी मे भक्तजनों को कहा कि सबसे बड़ी यदि कोई गंदगी है तो लोभ है, जो मन-मस्तिष्क को भी गंदा कर देती है। लोभ का त्याग ही शौच धर्म है। जब मन आकर्षण की ओर जाता है, तभी लोभ जागता है। गंगा में डुबकी लगाने से क्या होगा, यदि मन के अंदर की सफाई नहीं हुई। सब बेकार है, मन के अंदर का जो मेल है, उसकी सफाई आवश्यक है। लोभ के त्याग से ही जीवन में पवित्रता आती है, इतिहास साक्षी है कि व्यक्ति लोभ के कारण हिंसक बन जाता है, अंधा बन जाता है। कौरवों को सत्ता का लोभ था और इसलिए महाभारत हुआ। पूरा घर-परिवार संपत्ति राज्य सभी खत्म हो गया। रावण को रूप का लोभ था, जिसके कारण वह पाप का भागी बना। अपने राज्य, भाई और जीवन से जुदा हो गया। मनुष्य के इच्छा की पूर्ति कभी नहीं हो सकती है और इसी इच्छा पूर्ति की प्राप्ति के लिए वह हिंसक प्रवृत्ति का बन जाता है। मनुष्य की खोपड़ी हमेशा खाली होती है। पूरे विश्व की संपदा को भी उस में भर दिया जाए, तब भी वह कम ही रह जाती है। समता रूपी संतोष से ही इसे भरा जा सकता है। लोभ के त्याग से ही सत्य का सूरज हमारे जीवन में आएगा। जीवन में मुस्कान है तो ही जीवन की शान है। लोभ हिंसक प्रवृत्ति का रूप है। इसका परित्याग करके ही जीवन में सुख शांति आ सकती है। राजकीय अतिथि गुरुदेव विशल्य सागर जी के मुखारविंद से नया मंदिर जी में महा शांति धारा का पाठ किया गया। भगवान की शांति धारा का सौभाग्य निरा राहुल लुहाडिया परिवार को मिला। बड़ा मंदिर जी में भगवान पार्श्वनाथ की शांति धारा का सौभाग्य महावीर राकेश सार्थक सेठी परिवार को मिला। मूल वेदी में शांति धारा और भगवान को विहार का सौभाग्य शांतिलाल संजय छाबड़ा परिवार को मिला। नया मंदिर में दीप प्रज्ज्वलन, शास्त्र भेंट और गुरुदेव का चरण प्रक्षालन का सौभाग्य शशि रीता सेठी और रांची से आई स्नेहा नितेश जैन परिवार को मिला। मंच संचालन कार्यक्रम के संयोजक सुरेंद्र काला ने किया अलका दीदी आरती दीदी ने बड़ा मंदिर में शांति धारा का पाठ किया। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का पुरस्कार विजेताओं को मुकेश मोना सेठी परिवार के द्वारा दिया गया। यह जानकारी जैन समाज के मीडिया प्रभारी नवीन जैन, राजकुमार अजमेरा ने दी।

Comments (0)

Your email address will not be published. Required fields are marked *