जन मंगल योजना के माध्यम से भगवान महावीर महामस्तकाभिषेक महामहोत्सव में होगी लाखों श्रावकों की सहभागिता -प्राप्त सहयोग से होगें जन हित के कार्य – जन मंगल योजना की जानकारी हेतु सकल दिगम्बर जैन समाज की तोतूक़ा सभागार में हुई बैठक
जयपुर


– 26 अगस्त – दिगम्बर जैन अतिशय क्षेत्र श्री महावीर जी में आचार्य वर्धमान सागर महाराज ससंघ के सानिध्य में नवम्बर माह में होने वाले भगवान महावीर के महामस्तकाभिषेक महोत्सव की तैयारियों एवं महामस्तकाभिषेक में सहभागिता के लिए जारी की गई जन मंगल योजना की जानकारी हेतु सकल दिगम्बर जैन समाज जयपुर की आवश्यक बैठक भट्टारक जी की नसिया के तोतूका सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में बड़ी संख्या में समाज बन्धु शामिल हुए।
भगवान महावीर महामस्तकाभिषेक महोत्सव समिति के अध्यक्ष सुधान्शु कासलीवाल एवं महामंत्री महेन्द्र कुमार पाटनी ने बताया कि सभा का शुभारंभ मनीष चौधरी द्वारा प्रस्तुत मंगलाचरण से हुआ।
महामंत्री महेन्द्र कुमार पाटनी ने स्वागत उदबोधन देते हुए महोत्सव के बारें में विस्तृत जानकारी दी।
अध्यक्ष सुधांशु कासलीवाल ने अपने उदबोधन में क्षेत्र पर विकास कार्यों में सहयोग के लिए राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए चल रहे विकास कार्य यथा सौलर प्लांट, बिजली-पानी की सुविधा , जल के लिए 19 कुएँ, सड़कों का निर्माण, 350 काॅटेज बनाया जाना, आसपास के ग्रामीणों एवं युवाओं को रोजगार के लिए स्किल डवलपमेंट इंस्टीट्यूट की स्थापना, वाशिंग प्लान्ट, गीला-सूखा कचरा निस्तारण व्यवस्था सहित महोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए क्षेत्र कमेटी की ओर से कई तरह की सुविधाएं उपलब्ध कराने की जानकारी दी।
महोत्सव समिति के कार्याध्यक्ष विवेक काला के अनुसार मीटिंग में जन मंगल योजना समिति के पदाधिकारियों द्वारा योजना का महत्व एवं इसके उद्देश्यों पर विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि भगवान महावीर महामस्तकाभिषेक महोत्सव समिति द्वारा देश के प्रत्येक श्रावक को महामस्तकाभिषेक में सहभागिता के लिए जन मंगल योजना तैयार की गई है। इस योजना के माध्यम से प्राप्त सहयोग राशि का उपयोग जन हित एवं जन कल्याण कार्यों यथा आयुष्मान केन्द्र, प्राकृतिक चिकित्सालय, अस्पताल, गौशाला, विद्यालय आदि पर किया जाएगा।
बैठक में जन मंगल योजना समिति के जय कुमार जैन कोटा वाले, देवेन्द्र अजमेरा ने जन मंगल कलश कूपन के माध्यम से भगवान के महामस्तकाभिषेक करने तथा सौभाग्यशाली 120 कलश धारको का चयन, सहभागिता करने की आॅन लाइन प्रक्रिया की जानकारी दी।
समाजसेवी महेश काला, कमल बाबू जैन ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
सभा में सुधान्शु कासलीवाल, विवेक काला, महेन्द्र कुमार पाटनी, सुभाष चन्द जैन, उमराव मल संघी, सुरेश सबलावत, देवेन्द्र अजमेरा, जय कुमार जैन मंचासीन थे।
प्रचार संयोजक विनोद जैन ‘कोटखावदा’ के अनुसार सभा के दौरान 1600 से अधिक जन मंगल कलश कूपन बुक हुए। समिति को एक लाख से अधिक जन मंगल कलश पूरे देश में बुक होने की संभावना है।
श्री जैन के मुताबिक बैठक में शहर के दिगम्बर जैन मंदिरों, युवा एवं महिला मण्डलो,जैन सोश्यल ग्रुप्स, दिगम्बर जैन सोशल ग्रुपों सहित अन्य दिगम्बर जैन संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं गणमान्य श्रेष्ठीजन बड़ी संख्या में शामिल हुए । सभा का मंच संचालन मनीष बैद ने किया।
संकलन अभिषेक जैन लुहाड़िया रामगंजमंडी
