वात्सलय वारिधि आचार्य वर्धमान साग़र जी महाराज राज्य सरकार द्वारा राजकीय अतिथि घोषित

JAIN SANT NEWS जयपुर

वात्सलय वारिधि आचार्य वर्धमान साग़र जी महाराज राज्य सरकार द्वारा राजकीय अतिथि घोषित

जयपुर

वात्सलय वारिधि आचार्य श्री 108 वर्धमान सागर महाराज ससंघ का सोमवार 18 जुलाई को महावीर जी में मंगल प्रवेश होगा साथ ही इसी दिन चातुर्मास मंगल कलश स्थापना होगी। इस आयोजन में जयपुर सहित पूरे देश से हजारों श्रद्धालु शामिल होगे। आपको बता दे राजस्थान के करौली जिले में दिगम्बर जैन अतिशय क्षेत्र श्री महावीर जी में वर्तमान युग को अहिंसा और अपरिग्रह तथा पूरे विश्व को ‘जीओ और जीने दो’ का संदेश देने वाले जैन धर्म के 24 वे तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी की भूगर्भ से प्रकटित अतिशय कारी प्रतिमा के 24 वर्षों के पश्चात, 21 वीं सदी के प्रथम महामस्तकाभिषेक महोत्सव एवं देश के सबसे बड़े पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव को सानिध्य प्रदान करने के लिए कर्नाटक के कौथली ग्राम से पद विहार करते हुए 1500 से अधिक किलोमीटर की दूरी तय कर प्रसिद्ध दिगम्बर जैन आचार्य श्री108 श्री वर्धमान सागर महाराज ससंघ का सोमवार 18 जुलाई को श्री महावीर जी में विशाल जुलूस के साथ भव्य मंगल प्रवेश होगा । पूरे देश के लाखों श्रद्धालु इस मौके पर शामिल होगें।

अध्यक्ष सुधांशु कासलीवाल एवं मानद् मंत्री महेन्द्र कुमार पाटनी ने भट्टारक जी की नसिया में संवाददाताओं को बताया कि आचार्य श्री के मंगल प्रवेश एवं चातुर्मास स्थापना समारोह की तैयारियों को लेकर जयपुर के दिगम्बर जैन समाज की मीटिंग भट्टारक जी की नसिया के तोतूक़ा सभागार में आयोजित की गई। मंगल प्रवेश की तैयारिया बडे जोर शोर से चल रही है।

आचार्य श्री को राजस्थान सरकार द्वारा राजकीय अतिथि घोषित किया गया है। आचार्य श्री का सोमवार को गम्भीर नदी के उस पार शांति वीर नगर से प्रातः 11.00 बजे बैण्ड बाजों के साथ विशाल शोभायात्रा के रूप में महावीर जी के मुख्य मंदिर में प्रवेश होगा। श्री महावीर जी को आचार्य श्री की अगवानी के लिए दुल्हन की तरह सजाया जावेगा। सवाईमाधोपुर से श्री महावीर जी तक पूरे मार्ग पर 108 स्वागत द्वार बनाये जायेगें।

महोत्सव समिति के कार्याध्यक्ष विवेक काला एवं संयोजक सुरेश सबलावत ने बताया कि आचार्य श्री के मंगल प्रवेश में शामिल होने के लिए जयपुर, दौसा, सिकन्दरा, करौली, दिल्ली, अलवर, हिण्डौन, भरतपुर, कोटा, बून्दी, भवानीमण्डी, सवाईमाधोपुर, गंगापुर, श्री महावीरजी सहित पूरे प्रदेश के श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है। मंगल प्रवेश जुलूस के लिए जयपुर से 108 बसों एवं सैकड़ों वाहनों द्वारा श्रद्धालु महावीर जी पहुचेगें ।

संयुक्त मंत्री सुभाष चन्द जैन जौहरी ने बताया कि आचार्य श्री के सानिध्य में 24 नवम्बर से वृहद् स्तर पर पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव एवं 27 नवम्बर से 21 वीं सदी का प्रथम महामस्तकाभिषेक महोत्सव विशाल स्तर पर होगें। जिसमें पूरे विश्व से लाखों श्रद्धालु शामिल होगें।

प्रशासनिक समन्वयक भारत भूषण जैन एवं प्रचार प्रसार संयोजक विनोद जैन ‘कोटखावदा’ ने बताया कि महावीर जी क्षेत्र के विकास एवं महामस्तकाभिषेक महोत्सव के लिए भारत सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा कई योजनाएं शुरु की गई है तथा विशेष सहायता के माध्यम से राजकीय स्तर पर सफल आयोजन के लिए समिति का गठन किया गया है।

इस मौके पर आचार्य श्री के मंगल प्रवेश एवं चातुर्मास कलश स्थापना समारोह के बहुरंगीय पोस्टर का विमोचन किया गया। विमोचन के मौके पर सुधांशु कासलीवाल, महेन्द्र कुमार पाटनी, विवेक काला, सुभाष चन्द जैन, सुरेश सबलावत, विनोद जैन ‘कोटखावदा’, देवेन्द्र अजमेरा, भारत भूषण जैन, मनीष बैद सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

संकलन अभिषेक जैन लुहाडिया रामगंजमडी

Comments (0)

Your email address will not be published. Required fields are marked *