दयोदय गौशाला में भूसा गोदाम का लोकार्पण समारोहपूर्वक संपन्न

JAIN SANT NEWS हाटपीपल्या

दयोदय गौशाला में भूसा गोदाम का लोकार्पण समारोहपूर्वक संपन्न

हाटपीपल्या

संत शिरोमणि आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज की प्रेरणा से सकल समाजजन द्वारा स्थापित एवं संचालित दयोदय पशु सेवा केंद्र ( गौशाला ) में 2500 वर्ग फुट के भव्य भूसा गोदाम का समारोहपूर्वक लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर आयोजित समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक मनोज चौधरी एवं इंदौर शहर के वरिष्ठ समाजसेवी एवं उद्योगपति हंसमुख गांधी विशेष रूप से उपस्थित थे। कार्यक्रम का आयोजन दयोदय गौशाला संचालन समिति द्वारा किया गया था। समारोह की अध्यक्षता समाजसेवी अनिल गंगवाल ने की। प्रारंभ में बड़े बाबा एवं छोटे बाबा का चित्र अनावरण करते हुए दीप प्रज्वलित किया गया।

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में सर्वश्री बलवानसिंह उदावत, विजयसिंह शक्तावत, तेजसिंह राणा विजेंद्रसिंह पटेल, महेंद्र यादव, भूजराम जाट, विनोद जोशी, अरुण राठौर, कृपालसिंह सेंधव, डॉ. जी.सी. काठेड, डॉ. जीवन यादव सहित विभिन्न सामाजिक संस्थाओं से संबंद्ध गणमान्यजन मंचासीन थे। इनके अतिरिक्त भारी संख्या में उपस्थित जनसमुदाय में विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक, व्यावसायिक एवं सांस्कृतिक संगठनों के पदाधिकारी एवं सक्रिय सदस्यगण भी विशेष रूप से उपस्थित थे। विभिन्न समाज की महिलाओं द्वारा भी बड़ी संख्या में आयोजन में सहभागिता की गई।कार्यक्रम के प्रारंभ में भक्तामर पाठ का भी आयोजन हुआ।

इस अवसर पर विधायक मनोज चौधरी ने अपने मुख्य उद्बोधन में दयोदय गौशाला के उन्नयन एवं विकास से संबंधित हरसंभव व्यक्तिगत एवं शासन स्तर पर पूर्ण सहयोग करने के प्रति वचनबद्धता जाहिर की। श्री चौधरी ने व्यक्तिगत तौर पर एक लाख एक हजार रुपए की धनराशि गौशाला में न्योछावर की।

आपने भारतीय धर्म संस्कृति के अनुसार गौमाता में 33 करोड़ देवी देवताओं के वास का शास्त्र सम्मत उल्लेख करते हुए गोपालन की महत्ता का प्रतिपादन किया। आपने सनातन संस्कृति में गोपालन की अवधारणाओं का विशेष रूप से उल्लेख किया। दयोदय गौशाला संचालन समिति के सक्रिय सदस्यों की महती भूमिका का भी बहुमान किया। इस अवसर पर आपने गौशाला की हर एक जरूरत की पूर्ति का पक्का वादा भी किया।

प्रारंभ में स्वागतभाषण देते हुए दयोदय गौशाला संचालन समिति के प्रमुख पवन टोंग्या ने गौशाला के निरंतर विकास क्रम का सिलसिलेवार उल्लेख किया। आपने जनसमुदाय को जानकारी दी कि वर्तमान में 260 गायों का पालन पोषण हो रहा है। जिसे निकट भविष्य में 500 गायों के पालन पोषण हेतु सर्व सुविधायुक्त कार्ययोजना का क्रियान्वयन करने का मुख्य लक्ष्य है। इस अवसर पर आपने विभिन्न दानदाता एवं सहयोगियों के प्रति विनम्र आभार व्यक्त करते हुए उनके द्वारा गौशाला संचालन में दिए जा रहे महत्वपूर्ण सहयोग के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित की। उल्लेखनीय है कि अपनी ऊर्जा एवं चेतना को सेवा एवं समर्पण के साथ गौशाला में न्योछावर करने के प्रति श्री टोंग्या का विशेष योगदान रहा है

इस अवसर पर सर्वश्री बलवानसिंह उदावत, विजयसिंह शक्तावत, तेजसिंह राणा, वरिष्ठ अभिभाषक प्रवीण चौधरी, महेंद्र यादव एवं सुश्री अंशिका गंगवाल सहित विभिन्न वक्ताओं ने समारोह को संबोधित किया। लगभग सभी वक्ताओं ने समवेत स्वर में गौशाला संचालन समिति के प्रमुख पवन टोंग्या, उप प्रमुख महेंद्र गंगवाल, विपिन बाछल, नितिन कासलीवाल एवं धीरज टोंग्या की सक्रिय समर्पित भूमिका की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। समारोह का संचालन राजेंद्र बज ने किया एवं अनिल गंगवाल द्वारा आभार व्यक्त किया गया।

संकलित अभिषेक जैन लुहाडीया रामगंजमडी

Comments (0)

Your email address will not be published. Required fields are marked *